स्विफ्ट कार में छुपा था 35 लाख का गांजा, पुलिस ने तस्करों का खेल खत्म किया
जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने एक स्विफ्ट कार और लगभग 35 लाख रुपए मूल्य का 1 क्विंटल गांजा पकड़ा है। इस मामले में दो लोग गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस को यह जानकारी एक मुखबिर से मिली थी, जिसके बाद उन्होंने तपकरा-घुमरा-बनडेगा मार्ग पर नाकाबंदी की।
गिरफ्तार किए गए आरोपी सूरज गौतम और शिवम गुप्ता हैं। सूरज, जो 19 साल का है, भदोही का रहने वाला है, जबकि 23 साल का शिवम उत्तर प्रदेश के जौनपुर से आता है। दोनों ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
12 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में दो लोग गांजा लेकर जा रहे हैं। ड्राइवर ने नीला जींस और स्लेटी स्वेटर पहना था, जबकि पीछे बैठा शख्स नीली जैकेट और स्लेटी पैंट में था। इस सूचना के बाद थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
पुलिस ने कार रोककर तलाशी ली। ड्राइवर के पास वाली सीट के नीचे 7 पैकेट, पीछे की सीट के नीचे 11 पैकेट और डिक्की में 28 पैकेट गांजा मिला। कुल मिलाकर 46 पैकेट भूरे रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे हुए थे। बरामद गांजे का वजन 1 क्विंटल और उसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपए है।
पुलिस को पहले से भनक थी कि तस्करी होने वाली है। तीन थानों की पुलिस ने नाकेबंदी में सहयोग किया और अंततः तस्कर पकड़े गए। अब उन लोगों के मास्टरमाइंड को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। – शशि मोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक जशपुर।