नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए नामांकन 28 जनवरी तक, चुनावी मैदान तैयार!यहां है पूरी जानकारी
CG News।।भानुप्रतापपुर के एसडीएम और रिटर्निंग ऑफिसर गंगाधर वाहिले ने सभी राजनीतिक दलों की एक बैठक बुलाई। इस बैठक में उन्होंने नगर पालिका के नामांकन की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए नामांकन पत्र दिए जाएंगे।
कलेक्टर ने निर्वाचन की सूचना को प्ररूप 2 में प्रकाशित किया है, जिसमें स्थानों के आरक्षण की जानकारी दी गई है। रिटर्निंग ऑफिसर ने मतदान केंद्रों की सूची को परिशीष्ट 3 में तैयार किया। भानुप्रतापपुर नगर पंचायत के 15 वार्ड के लिए पार्षद और अध्यक्ष पद के नाम निर्देशन पत्र 28 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। नाम निर्देशन की जांच 29 जनवरी को सुबह 10.30 बजे होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 31 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक है। मतदान 11 फरवरी को सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 5 बजे तक होगा। मतगणना 15 फरवरी को सुबह 9 बजे से सेजेस उच्चतर माध्यमिक शाला, भानुप्रतापपुर में होगी। मास्टर ट्रेनर्स टिकेश्वर ठाकुर ने बताया कि अध्यक्ष पद की प्रतिभूति राशि 10 हजार और पार्षद पद के लिए 1 हजार निर्धारित की गई है।
अजजा, अजा, अपिवर्ग और महिलाओं को अपनी 50 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। सभी को नामांकन फॉर्म के साथ दो शपथ पत्र भी देने होंगे। इसके लिए अपनी श्वेत श्याम पासपोर्ट साइज की दो फोटो और आधार कार्ड भी जमा करना जरूरी है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सक्षम अधिकारी से जाति प्रमाण पत्र भी प्राप्त करना होगा। इसके अलावा, जो लोग अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार हैं, उन्हें एक दिन पहले राष्ट्रीयकृत बैंक में नया खाता खोलकर उसकी प्रति भी जमा करनी होगी।
भानुप्रतापपुर नगर पंचायत में 15 वार्ड हैं, और उनके लिए 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान दल का पहला प्रशिक्षण 24 जनवरी को सेंट जोसफ स्कूल में होगा। इस नगर पंचायत में कुल 6143 मतदाता हैं, जिनमें से 2954 पुरुष और 3189 महिलाएं हैं।
इस बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा, नायब तहसीलदार कृष्णा पाटले, निर्वाचन प्रभारी अशोक ठाकुर, जिला मास्टर ट्रेनर टिकेश्वर ठाकुर, और नुमेश सोनी उपस्थित थे। राजनीतिक दलों से ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरोत्तम चैहान, और शिवसेना से धमेंद्र यादव और अजय निषाद भी बैठक में शामिल हुए।