टैक्स चोरी का बड़ा खेल? गुटखा कारोबारी के ठिकानों पर छापा, जांच जारी!

Bareli income tax Red:बुधवार सुबह जैसे ही दिल्ली और लखनऊ आयकर विभाग की टीम ने शहर के प्रसिद्ध गुटखा कारोबारी अमित भारद्वाज के ठिकानों पर छापा मारा, यह खबर व्यापारियों के बीच जंगल की आग की तरह फैल गई। व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया और कई व्यापारी मौके पर पहुंचकर इस कार्रवाई का विरोध करने लगे। इसी दौरान गुटखा व्यापारी की तबियत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए, जिसे आसपास के व्यापारियों ने सम्हाला।
अमित भारद्वाज के राजेंद्र नगर और त्रिवटी नाथ मंदिर के समीप स्थित घरों में आयकर टीम ने छापा डाला। सुबह 6 बजे टीम राजेंद्र नगर स्थित उनके आवास पर पहुंची और कारोबारी को त्रिवटी नाथ मंदिर के पास वाले उनके भाई के घर ले गई। लेकिन, वहां ताला लगा होने की वजह से टीम ने ताला तोड़कर जांच शुरू की। इस पर व्यापारियों ने विरोध भी जताया। आयकर अधिकारियों ने कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों के फोन जब्त कर लिए और कालोनी में किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। हालांकि, आयकर विभाग के अधिकारी इस संदर्भ में कुछ भी कहने से बचते नजर आए।
यह खास बात है कि इस कार्रवाई के बारे में स्थानीय आयकर अधिकारियों को भी पहले से कोई जानकारी नहीं थी। लखनऊ और दिल्ली की संयुक्त टीम ने इस गुप्त अभियान को अंजाम दिया। मामले को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी से संबंधित माना जा रहा है, जिस कारण यह कदम उठाया गया।
इस कार्रवाई से गुटखा व्यापारियों में खलबली मच गई है। इससे पहले 2021 में भी गुटखा कारोबारियों पर छापा पड़ा था। नई कार्रवाई ने एक बार फिर शहर में हलचल पैदा कर दी है। फिलहाल, अमित भारद्वाज के ठिकानों पर जांच प्रक्रिया जारी है।